झारखंड में ‘शीश महल’ पर सियासत तेज, BJP ने CM हेमंत सोरेन पर लगाए 100 करोड़ के आवास के आरोप

Spread the love

झारखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री आवास को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जनता के पैसे से आलीशान आवास बनवाने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य की जनता जहां रोज़ी-रोटी के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का शीश महल बनाया जा रहा है।
वीओ:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार खुद को गरीब, आदिवासी और मूलवासी की सरकार बताती है, वही मुख्यमंत्री के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का आलीशान आवास तैयार करवा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। जिस तरह दिल्ली में जनता के पैसे से शीश महल बनाया गया, उसी तर्ज पर झारखंड में भी मुख्यमंत्री के लिए भव्य आवास बनाया जा रहा है।
प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि इस आवास में स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे के साथ लगभग 2 करोड़ रुपये का फव्वारा और करीब ढाई करोड़ रुपये का गार्डन भी बनाया जाएगा, जो इसकी शान को बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में आज भी बड़ी संख्या में आदिवासी और मूलवासी परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहां मुख्यमंत्री के लिए इतनी बड़ी राशि खर्च करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रतुल शाहदेव ने यह भी कहा कि इस परियोजना को हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई, लेकिन कैबिनेट ब्रीफिंग में इस बात का जिक्र नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च बताए जा रहे हैं, लेकिन अन्य मदों को जोड़ने पर यह राशि करीब 70 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। विभागीय परंपरा के अनुसार 25 से 30 प्रतिशत तक लागत बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में यह परियोजना 100 करोड़ रुपये से भी अधिक की हो सकती है।
बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि जब सरकार पहले ही स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाने की घोषणा कर चुकी है, तो फिर अभी इतनी बड़ी राशि खर्च करने की जरूरत क्या है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि बीजेपी इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और पूछेगी कि क्या झारखंड की गरीब जनता के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट के लिए है या राज्य के विकास और गरीबों की भलाई के लिए।
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *