
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद टाटा मेन हॉस्पिटल में जमकर हंगामा हो रहा है। छप्पन भोग रेस्टोरेंट के सामने एक थार गाड़ी की टक्कर से राजकुमार सिंह नामक युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजन उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस ने न तो वाहन की पहचान की है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। बीती रात बिष्टुपुर स्थित छप्पन भोग के सामने एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क पर जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विष्णुपुर निवासी राजकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह दी गई। जब वे टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे तो राजकुमार का शव अस्पताल में पड़ा मिला। परिवार का आरोप है कि अब तक पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि हादसा किस वाहन से हुआ और चालक को क्यों नहीं पकड़ा गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घर में बुजुर्ग मां है, जिनके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। परिजनों का कहना है कि अगर किसी प्रभावशाली या अमीर व्यक्ति का मामला होता तो प्रशासन अब तक सक्रिय हो जाता। परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रशासन मुआवजे की घोषणा नहीं करता और दोषी चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव अस्पताल में ही रखा जाएगा। इसी मांग को लेकर टाटा मेन हॉस्पिटल में जोरदार प्रदर्शन जारी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
