जमशेदपुर फुटबॉल खिलाड़ी से चैन लूट, इलाके में सनसनी

Spread the love

जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों के बीच आज सुबह एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कदमा थाना क्षेत्र के लिंक रोड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मॉर्निंग वॉक कर रहे फुटबॉल खिलाड़ी रामदेव सिंह से दो नकाबपोश अपराधियों ने बंदूक की नोक पर चैन छीन ली।

रामदेव सिंह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक तेज रफ्तार से आए और उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर डराया और देखते ही देखते गले से चैन छीनकर फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद अन्य लोग कुछ समझ पाते उससे पहले अपराधी मौके से निकल भागे।
इस घटना के बाद आसपास टहल रहे लोगों में हड़कंप मच गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग तुरंत घटनास्थल से दूर हट गए, वहीं कुछ लोगों ने शोर मचाकर अपराधियों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग के लिए निकलना अब असुरक्षित हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *