
जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा को लेकर एग्रिको दुर्गा पूजा कमिटी ने इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण की तैयारी की है। एग्रिको क्लब हाउस परिसर में बन रहा पंडाल पूरी तरह एल्युमिनियम शीट से सजाया जा रहा है।
करीब 12 लाख 80 हज़ार रुपए की लागत से तैयार हो रहा यह पंडाल न केवल भक्ति का केंद्र होगा, बल्कि कला और रचनात्मकता का भी अद्भुत उदाहरण पेश करेगा।
पूजा परिसर में लगभग 20 फीट ऊँची भगवान महादेव की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जिस पर एल्युमिनियम शीट का आकर्षक काम किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 1 लाख 80 हज़ार रुपए बताई गई है। वहीं, माँ दुर्गा की प्रतिमा पर भी एल्युमिनियम शीट का विशेष कार्य किया जाएगा, जो पंडाल की भव्यता को और भी बढ़ा देगा।
एग्रिको दुर्गा पूजा कमिटी का कहना है कि इस बार श्रद्धालुओं को पूजा के साथ-साथ अनोखी कला और सृजनशीलता का भी अनुभव मिलेगा। अब पूरे जमशेदपुर को बेसब्री से इंतज़ार है एग्रिको क्लब हाउस के इस भव्य पंडाल के उद्घाटन का।
