साकची से लापता 14 वर्षीय बालक महाराष्ट्र से सकुशल बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

Spread the love

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। तकनीकी इनपुट और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए पुलिस ने महाराष्ट्र से बच्चे को खोज निकालकर उसके माता-पिता के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर ह्यूम पाइप, सीतारामडेरा निवासी अनिल कुमार सिंह ने साकची थाना में लिखित सूचना दी थी कि उनका पुत्र 9 जनवरी से साकची स्थित दुकान के पास से लापता है। लापता बालक की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर जांच की गई तथा तकनीकी इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से खोजबीन तेज की गई। जांच के दौरान बालक की लोकेशन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मिलने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस के सहयोग से विशेष टीम ने बच्चे को महाराष्ट्र से सुरक्षित एवं सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद लापता बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *