बगहा में शराब तस्करी पर ग्रामीणों का वार: टक्कर ने खोली पोल, शराबी तस्कर दबोचा गया.

Spread the love

बगहा शराबबंदी कानून को ज़मीन पर उतारते हुए बगहा के ग्रामीणों ने एक बार फिर जागरूकता की मिसाल पेश की है। रामनगर थाना क्षेत्र के सोहसा पंचायत अंतर्गत दुबवलिया विद्यालय के समीप शराब की सप्लाई करने जा रहा एक तस्कर खुद की गलती से ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।
बताया जा रहा है कि बाइक से शराब लेकर जा रहा तस्कर एक युवक की बाइक से अनियंत्रित होकर टकरा गया। टक्कर के बाद जैसे ही तस्कर सड़क पर गिरा, उसकी बाइक पर लदी देशी चुलाई शराब बीच सड़क बिखर गई। शराब देखते ही ग्रामीणों ने बिना देर किए तस्कर को मौके पर पकड़ लिया और रामनगर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और तस्कर को बाइक व शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की और बैग से करीब 50 पाउच देशी शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा लगभग 25 लीटर बताई जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के मधुबनी निवासी संजय उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले में ग्रामीणों की तत्परता और जागरूकता की इलाके में सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *