
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट ने वर्ष 2026 के लिए देश के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की प्रतिष्ठित सूची जारी की है, जिसमें धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार का नाम शामिल किया गया है। झारखंड कैडर से इस सूची में चुने जाने वाले वे एकमात्र IPS अधिकारी हैं, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और धनबाद पुलिस की कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट द्वारा किए गए राष्ट्रीय सर्वेक्षण में पुलिस अधिकारियों का मूल्यांकन कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, जनहितैषी पुलिसिंग, निर्णय लेने की क्षमता, नवाचार, संकट प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण और आम जनता के बीच विश्वास कायम करने जैसे कई मानकों पर किया गया। पहले चरण में देशभर से 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों (SP/SSP/DCP स्तर) की सूची तैयार की गई थी, जिसमें झारखंड के पांच IPS अधिकारियों—अनुदीप सिंह (पाकुड़), हृदीप पी. जनार्दन (विशेष शाखा), डॉ. बिमल कुमार (गिरिडीह), श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे (सिमडेगा) और प्रभात कुमार (धनबाद)—को जगह मिली थी।
दूसरे चरण में उन्हीं 100 अधिकारियों में से 25 को ‘प्रमुख पुलिस अधिकारी’ के रूप में चुना गया है। इस संक्षिप्त सूची में झारखंड से केवल प्रभात कुमार का नाम होना राज्य के पुलिस महकमे के लिए खास उपलब्धि मानी जा रही है। सूची में अल्फाबेटिकल क्रम में देश के विभिन्न राज्यों के अधिकारी शामिल हैं, जिनमें हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, असम, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, मेघालय और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
धनबाद जैसे औद्योगिक और संवेदनशील जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा की चुनौतियां लगातार बनी रहती हैं। प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान, लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर, यातायात व्यवस्था में सुधार और तकनीक के बेहतर उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया है। पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए विभिन्न स्तरों पर निगरानी व्यवस्था और जनसहभागिता आधारित पहलों को भी प्राथमिकता दी गई है।
इस उपलब्धि पर धनबाद पुलिस महकमे और झारखंड पुलिस परिवार में खुशी की लहर है। अधिकारियों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान भविष्य में बेहतर पुलिसिंग, जनहित से जुड़े प्रयासों और आधुनिक तकनीक के उपयोग को और मजबूती देगी। धनबाद SSP के रूप में प्रभात कुमार इससे पहले जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक और पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही है।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की इस पहल का उद्देश्य उन पुलिस अधिकारियों को पहचान देना है, जिन्होंने प्रभावी सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, जनपक्षधर पुलिसिंग और जनसंवेदनशील रवैये के दम पर अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट कार्य किए हैं। 2026 की इस सूची में शामिल अधिकारियों को उनके नेतृत्व, नवाचार और जनविश्वास कायम करने के प्रयासों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।
एशिया पोस्ट ने 2026 में देश के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों (SP/SSP/DCP स्तर) की सूची जारी की है, जिसमें अधिकारियों का चयन कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, जनहितैषी पुलिसिंग, नवाचार और जनविश्वास जैसे मानकों पर किया गया है। नीचे अधिकारियों के नाम, राज्य और जिला/कार्यक्षेत्र दिए गए हैं (नाम वर्णक्रमानुसार हैं):
अदिति सिंह – हरियाणा- पंचकूला,आकाश पटेल-उत्तर प्रदेश – चंदौली,अनंत मित्तल — दिल्ली — दक्षिण दिल्ली,
अनुराग आर्य — उत्तर प्रदेश — बरेली,
अपर्णा रजत कौशिक — उत्तर प्रदेश — मिर्जापुर,
इलामारन जी — उत्तर प्रदेश — एटा,
कृषिकेश रावले — महाराष्ट्र — पुणे,
कंवरदीप कौर — पंजाब — चंडीगढ़,
गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र — ओडिशा — झारसुगुड़ा,
गौरव राय — छत्तीसगढ़ — दंतेवाड़ा (वर्तमान में बलोदाबाजार),
चंद्रशेखर घोड़के — उत्तराखंड — अल्मोड़ा,
डॉ. अमृता दुहन — राजस्थान — उदयपुर,
जी.वी. संदीप कुमार — जम्मू-कश्मीर — श्रीनगर,
नुमल महट्टा — असम — बोगईगांव,
नवजोत सिमी — बिहार — अरवल,
पापिया सुल्ताना — पश्चिम बंगाल — पश्चिम मेदिनीपुर,
प्रभात कुमार — झारखंड — धनबाद,
बलबीर सिंह — हिमाचल प्रदेश — हमीरपुर,
मनिंदर सिंह — पंजाब — रूपनगर (रोपड़),
मुथुराजू एम. — कर्नाटक — चामराजनगर,
विजय पटेल — गुजरात — खेड़ा,
विवेक सायम — मेघालय — ईस्ट खासी हिल्स,
शशांक जायसवाल — दिल्ली — दिल्ली ट्रैफिक (वर्तमान में रोहिणी),
सुशील कुमार — बिहार — गया,
श्रद्धा तिवारी — मध्य प्रदेश — भोपाल.