
चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में महिला रेल यात्री से दुष्कर्म के आरोप के मामले में चक्रधरपुर रेल मंडल ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में आरोपी रेलकर्मी कपिलेश्वर सिंह को रेलवे की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। खास बात यह है कि बर्खास्तगी की कार्रवाई ऐसी सेवा-शर्तों के तहत की गई है, जिसके बाद आरोपी को पेंशन का लाभ भी नहीं मिलेगा।
चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलकर्मी पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में जीआरपी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। रेलवे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रेलकर्मी के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कड़ी कार्रवाई की है।
रेल मंडल के मुताबिक, मामले से संबंधित आवश्यक साक्ष्य और आरोपी रेलकर्मी से जुड़े दस्तावेज जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बताया जा रहा है कि बीते 3 अगस्त को राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में महिला यात्री के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। आरोप है कि आरोपी रेलकर्मी ने महिला को कन्फर्म रेल टिकट दिलाने का झांसा दिया और इसके बाद उसे अपने कार्यालय परिसर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। अब रेलवे की इस कार्रवाई को मामले में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रेलवे की ओर से जरूरी सुरक्षा और प्रशासनिक कदम भी उठाए जा रहे हैं।
रेलवे की कार्रवाई से साफ है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में आरोपी रेलकर्मियों के खिलाफ विभाग अब किसी भी स्तर पर नरमी बरतने के मूड में नहीं है।