
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित डायल-112 सेवा लगातार प्रभावी साबित हो रही है। अगस्त माह के दौरान डायल-112 पर कुल 1,746 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निपटारा किया गया। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर 17 प्राथमिकी (FIR) और दो यूडी (अस्वाभाविक मृत्यु) कांड भी दर्ज किए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जमशेदपुर पुलिस इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक तेज एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने का औसत रिस्पॉन्स टाइम 8 मिनट 42 सेकेंड दर्ज किया गया, जो आपातकालीन सेवा की सक्रियता और दक्षता को दर्शाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना, आपराधिक घटनाएं, घरेलू विवाद, महिलाओं से संबंधित शिकायतें अथवा अन्य किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया जाता है, ताकि कम से कम समय में लोगों को मदद उपलब्ध कराई जा सके।
एसएसपी डॉ. वकारिब ने बताया कि डायल-112 सेवा की नियमित समीक्षा की जा रही है। कॉल रिसीव होने से लेकर घटनास्थल पर कार्रवाई और शिकायत के निष्पादन तक पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाती है, ताकि रिस्पॉन्स टाइम को और कम किया जा सके।
अगस्त माह के आंकड़े यह साबित करते हैं कि जमशेदपुर पुलिस आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों तक तेजी से पहुंचने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 112 डायल करें और पुलिस की सहायता प्राप्त करें।