हथियार दिखाकर धमकाने वाले दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा गोली बरामद मोबाइल सिम को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को दबोचा

Spread the love


गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र मे हथियार दिखाकर धमकी देने के मामले में चिनिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एकबाल अंसारी और अफजल अंसारी दोनों निवासी चिनिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लोहे का बना एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है।

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे चिनिया निवासी पप्पू शाह के किराए के मकान में रह रहे राजबांस गांव निवासी अवधेश यादव, पिता हिरामन यादव के पास दोनों आरोपी पहुंचे थे।

आरोप है कि अफजल अंसारी अपने सहयोगी एकबाल अंसारी के साथ देसी कट्टा और गोली लेकर वहां पहुंचा और हथियार दिखाकर अवधेश यादव को धमकी दी कि अगर मोबाइल सिम वापस नहीं किया तो उसे उठा लेंगे।

घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर 3 सितंबर को चिनिया थाना क्षेत्र के कपिल साव की बाउंड्री वॉल के पीछे से दोनों आरोपियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *