
चतरा पुलिस ने सिमरिया इलाके में छापेमारी कर एक बड़े अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक देशी बंदूक और 4 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शातिर अपराधी मुकेश गंझू को गिरफ्तार किया है। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि यह गिरोह रांची से बाइक चुराकर ग्रामीण इलाकों और बिहार तक में सस्ते दामों पर बेचता था। गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम भाउसाहेब के नेतृत्व में काशियातु गांव में छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी मुकेश भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। घर की तलाशी में एक अवैध कंट्रीमेड (देशी) बंदूक और 4 चोरी की गाड़ियां बरामद हुईं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि आरोपी रांची से बाइक चुराकर भोले-भाले ग्रामीणों को मेलों और गांवों में 10 से 20 हजार रुपये में बेच देते थे। जब लोग नाम ट्रांसफर की बात करते, तो वे टालमटोल कर देते थे। पुलिस ने लातेहार और रांची के अन्य साथियों की पहचान कर ली है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। एसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सस्ती बाइक के लालच में चोरी की गाड़ियां खरीदने वालों पर भी समान कानूनी कार्रवाई होगी। आम जनता से अपील है कि वाहन खरीदते समय हाथों-हाथ ओनरशिप ट्रांसफर जरूर कराएं।