आदित्यपुर फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; देशी कट्टा और गोली बरामद

Spread the love

आदित्यपुर: थाना क्षेत्र में विशाल गोराई पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित साईं नगर निवासी विक्की कुमार पांडे (34) और चौका थाना क्षेत्र के खूंटी निवासी बजरंगी कुमार महतो (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक देशी कट्टा और एक गोली भी बरामद की गई है.

मामला आदित्यपुर थाना कांड संख्या 211/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 से संबंधित है. पुलिस ने BNS की धारा 109, 61(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी.

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई की रात विशाल गोराई अपना होटल बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान भीतरी पुलिया के समीप नामजद आरोपी विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर जान मारने की नीयत से उन पर फायरिंग की थी. गोली विशाल की कमर के पास लगी थी.

घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. जांच के क्रम में विक्की पांडे और बजरंगी महतो को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं. पुलिस उन नामों का सत्यापन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस की कार्रवाई से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में इस फायरिंग कांड में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *