जमशेदपुर में भाजपा के झारखंड बंद का मिला-जुला असर, कई बाजारों में दुकानें बंद तो कुछ जगह सामान्य रही गतिविधियां

Spread the love

जमशेदपुर: छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा मंगलवार, 11 अगस्त को बुलाए गए झारखंड बंद का जमशेदपुर में मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजारों और इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं के आह्वान पर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जबकि कुछ स्थानों पर दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं।

भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न क्षेत्रों में लगाया गया था। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और व्यवसायियों से बंद को समर्थन देने की अपील की। कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया।

बंद को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। भाजपा ने बंद को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने की अपील की थी।

गौरतलब है कि रांची में छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। भाजपा का कहना है कि छात्रों की मांगों और उनके अधिकारों को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।

जमशेदपुर में बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। अस्पताल, एंबुलेंस, दवा जैसी जरूरी सेवाओं को सामान्य रूप से संचालित रखने की अपील की गई थी। कुल मिलाकर शहर में बंद का असर एक समान नहीं रहा और अलग-अलग इलाकों में इसका प्रभाव अलग-अलग देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *