
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय एक युवक खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया। युवक के ट्रेन की छत पर पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों का ध्यान उसकी ओर गया। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अचानक ट्रेन के ऊपर चढ़ गया और कुछ देर तक छत पर घूमता रहा। लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर ट्रेन की छत के रास्ते एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की बात कही।
इसी दौरान युवक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।
हादसे के तुरंत बाद रेलकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक को संभाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे अधिकारियों की ओर से यात्रियों को लगातार चेतावनी दी जाती है कि वे किसी भी परिस्थिति में खड़ी ट्रेन की छत पर न चढ़ें। रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले विद्युत तारों में बेहद खतरनाक वोल्टेज रहता है। इनके संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलसने अथवा जान जाने का खतरा रहता है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और इस तरह की जान जोखिम में डालने वाली हरकतों से बचें।