आजादी के जश्न और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ निकली भाजपा की विशाल तिरंगा यात्रा जमशेदपुर में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा साकची

Spread the love


जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार, 9 अगस्त को जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
यह तिरंगा यात्रा साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान से शुरू होकर जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय गोलचक्कर तक पहुंची। पूरे मार्ग में तिरंगे लहराते नजर आए। आयोजन का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के योगदान को याद करना रहा।
विद्युत वरण महतो सांसद ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित हो रहे राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की कड़ी में जमशेदपुर में भी इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए लोगों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
तिरंगा यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *