जमशेदपुर गुमटी की आड़ में गांजा और नशीली सिरप का कारोबार, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love



जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालीगुमा NH-33 स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन युक्त 7 बोतल नशीली सिरप और 3,320 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा में किया कार शोरूम के समीप स्थित एक गुमटी, जिसे बिस्किट और चॉकलेट की दुकान के रूप में चलाया जा रहा था, उसकी आड़ में अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में कार्रवाई की योजना बनाई गई।
पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास के साथ छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने बालीगुमा पहुंचकर गुमटी की घेराबंदी की और मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गुमटी की तलाशी लेने पर पुलिस को अलग-अलग पैकेट में रखा 2.060 किलोग्राम गांजा मिला। इसमें करीब 790 ग्राम गांजा छोटे-छोटे पुड़ियों में तथा 1.270 किलोग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में रखा हुआ था। इसके अलावा ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 एमएल की 7 बोतल, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर संगठित तरीके से गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
मामले को लेकर एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 08 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b), 22, 29 तथा Drugs and Cosmetics Act की धारा 27(b)(ii) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *