गिरिडीह गावां में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹2.65 करोड़ चोरी मामले में छापा, थार समेत लाखों का सामान बरामद

Spread the love

महाराष्ट्र के मुंबई में हुए करीब ₹2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पंडरिया और सांख गांव से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण एवं अन्य चोरी का सामान बरामद किया। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी को भी जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र के उपसभापति संजय अहीर के घर पर घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की।
जब घर से लगातार कीमती सामान गायब होने लगा तो वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में करीब ₹2.65 करोड़ की चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद वर्ली थाना कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर तथा सीआईडी टीम आरोपियों को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची। मुंबई पुलिस ने गावां थाना पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव स्थित आरोपियों के घरों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब ₹4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण एवं अन्य चोरी का सामान बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से दोनों आरोपियों ने एक महिंद्रा थार एसयूवी खरीदी थी। पुलिस ने उक्त वाहन को भी जब्त कर लिया।
गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि मुंबई पुलिस की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया। बरामद सोना और जब्त थार वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की रकम का कहीं अन्य स्थानों पर निवेश या उपयोग किया गया है या नहीं। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *