आदित्यपुर में होटल संचालक पर फायरिंग, कमर में गोली लगने से गंभीर घायल

Spread the love


सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे अंडरपास के पास की है, जहां घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। हमलावरों की संख्या 8 से 10 बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने विशाल गोराई पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनकी कमर में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विशाल गोराई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
देर रात व्यस्त मार्ग पर हुई इस गोलीबारी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *