टेल्को थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, रात्रि गश्त और अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश


जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार देर रात टेल्को थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी समेत सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रात्रि में तैनात टैंगो मोबाइल, पीसीआर एवं थाना गश्ती दल को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी करने वाले स्थानों तथा संदिग्ध और असामाजिक तत्वों के जमावड़े वाले संभावित इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
इसके अलावा एसएसपी ने थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी और ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औचक निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *