
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह कैनाल से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान जुगसलाई थाना क्षेत्र के गोशाला के पास बंगालीपाड़ा निवासी किरण देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
बाद में स्थानीय समाचार चैनलों पर प्रसारित खबर देखने के बाद मृतका के पुत्र घनश्याम ने अपनी मां की पहचान किरण देवी के रूप में की। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ परसुडीह थाना पहुंचा और पुलिस को आवश्यक जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने इस मामले में मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
परिजनों के अनुसार, रविवार को ही मृतका के भाई की सगाई कदमा स्थित केएफ-2 क्लब में आयोजित होनी थी, लेकिन इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।