
जमशेदपुर पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। एमजीएम थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले कथित साधु समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 7.8 किलो गांजा, गांजा से भरी सिगरेट, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा स्थित काली मंदिर के पास एक गुमटी में विशेष छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रौशन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और बिक्री के 3 हजार 60 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में रौशन ने खुलासा किया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो से तीन बार गांजा खरीदकर शहर में बेचता था। इसके बाद पुलिस ने शंभू महतो के घर छापेमारी कर 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज और 5 हजार 840 रुपये नकद बरामद किए।गिरफ्तार रौशन कुमार पहले भी वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पूरे मामले की जांच जारी है।