चांडिल NH-33 गोलचक्कर पर खड़े टैंकर में लगी भीषण आग, यातायात बाधित,


सरायकेला-खरसावां: जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-33 के गोलचक्कर पर रविवार को एक खड़े टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चांडिल थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया और अग्निशमन की कई टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया
एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। साथ ही रांची-जमशेदपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं तथा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद टैंकर को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *