
जमशेदपुर: शहर के मरीन ड्राइव पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
मृतक की पहचान गणेश पात्रो (18के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल निखिल साहू को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और एक हाथ टूट गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों किशोर बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे। रामजनमनगर के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी और दोनों किशोरों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और हेलमेट पहनने की अनिवार्यता की याद दिलाता है।