
जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बागबेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। रात करीब 11 बजे किए गए इस निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों, ड्यूटी व्यवस्था तथा रात्रि गश्ती की तैयारियों का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विशेष रूप से रात्रि गश्ती को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि केवल मुख्य सड़कों पर ही नहीं, बल्कि बागबेड़ा क्षेत्र की अंदरूनी गलियों और उन स्थानों पर भी नियमित एवं सघन गश्त की जाए, जहां देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। ऐसे स्थानों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों की बरामदगी के लिए विशेष जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने और एंटी क्राइम चेकिंग को तेज करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेगी।
