
जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड और उनके साथी प्रत्युष पर हुए जानलेवा हमले के मामले ने अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक मोड़ ले लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़ी कार्रवाई की है।मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पियूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में लापरवाही को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके तहत चाईबासा (कोल्हान) के आयुक्त और रांची के एडीजी को कैंप कर रोजाना समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है, जबकि कोल्हान के डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से सीधे बातचीत भी की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई तेज हुई। इस घटना को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिल रही है।इससे पहले मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।गौरतलब है कि शनिवार देर रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उनके साथ मौजूद प्रत्युष को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष अब भी अस्पताल में उपचाराधीन है। घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और जांच जारी है।