जमशेदपुर में एसआईआर अभियान ने पकड़ी रफ्तार, बीएलओ घर-घर जाकर भरवा रहे एन्यूमरेशन फॉर्म

Spread the love


जमशेदपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की विधि तथा पात्र मतदाताओं का सही विवरण दर्ज करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त राजीव रंजन ने स्वयं कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
इसी के साथ मंगलवार से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे, आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे और निर्धारित फॉर्म भरवाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर इस अभियान में सहयोग करें।
प्रशासन के अनुसार इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाना है, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल रहें और किसी भी वैध मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड का निरीक्षण कर रहे हैं, जिससे एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से समय पर पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *