
जमशेदपुर : जिला परिषद सदस्य संख्या-9 पूर्णिमा मलिक ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को उपयुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और जल निकासी की समस्याओं को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पूर्णिमा मलिक ने कहा कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्रों में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गंदगी और उससे फैलने वाली बीमारियों से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इन इलाकों में कचरे का अंबार लगा हुआ है और बड़े-बड़े नाले जाम होने के कारण सड़कों पर गंदे पानी का बहाव हो रहा है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बरसात से पहले जुगसलाई नगर परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की।
जिला परिषद सदस्य ने शीतला चौक से व्यंगबिल तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले सड़क का शिलान्यास हुआ था, लेकिन अब तक संवेदक द्वारा काम शुरू नहीं किया गया है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसलिए बरसात से पहले निर्माण कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने उत्तरी करनडीह पंचायत अंतर्गत करनडीह फाटक के समीप जर्जर नाली की समस्या को भी उठाया। उन्होंने कहा कि नाली टूट जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब नाली की मरम्मत कराने की मांग की।
पूर्णिमा मलिक ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।