
सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां भादूडीह स्थित HLM फ्यूल पंप के समीप दो ऑटो के बीच आमने- सामने की जोरदार टक्कर में चालकों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडिल से चार यात्रियों को लेकर जमशेदपुर जा रहा एक ऑटो सुबह करीब 8 बजे भादूडीह के पास पहुंचा था. इसी दौरान चिलगु की ओर से कथित रूप से गलत दिशा में आ रहे दूसरे ऑटो को देखकर चालक वाहन को बचाने का प्रयास करने लगा. हालांकि तेज रफ्तार के कारण दोनों ऑटो की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई. हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया. लोगों ने सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.
