रामगढ़ का आम अब दुबई तक: बिरसा हरित ग्राम योजना से बदली किसानों की तकदीर, 4 टन अम्रपाली आम की खेप रवाना

Spread the love

उपायुक्त ऋतुराज ने दिखाई हरी झंडी, दुलमी और गोला के किसानों की मेहनत पहुंची अंतरराष्ट्रीय बाजार तक। अब दुबई में भी दिखेगी रामगढ़ के आम की मिठास।”

रामगढ़ जिले के किसानों के लिए गर्व का क्षण तब आया जब जिले के दुलमी और गोला प्रखंड में उत्पादित 4 टन अम्रपाली आम की खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार दुबई के लिए रवाना की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त ऋतुराज ने आम से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह उपलब्धि झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी बिरसा हरित ग्राम योजना की सफलता की एक मिसाल है, जिसने बंजर भूमि को फलदार बागानों में बदलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है।

कभी अनुपयोगी और बंजर मानी जाने वाली जमीन आज किसानों की आय का मजबूत स्रोत बन चुकी है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए आम के बागानों से अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता वाले फल तैयार हो रहे हैं। इसी का परिणाम है कि रामगढ़ के दुलमी और गोला प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित 4 हजार किलोग्राम अम्रपाली आम को विशेष ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग के बाद दुबई के बाजार के लिए भेजा गया है।

‘रामगढ़ झारखंड अम्रपाली’ ब्रांड के नाम से भेजी गई इस खेप को वैश्विक बाजार से जोड़ने में जिला प्रशासन, डीआरडीए-मनरेगा टीम तथा मनोन्नति महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) की अहम भूमिका रही है। महिला किसानों के संगठित प्रयास और तकनीकी मार्गदर्शन के बल पर स्थानीय उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और किसानों की आर्थिक समृद्धि का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि किसानों ने पौधा लगाने से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का सफर तय कर यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र भी वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना सकते हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग को देखते हुए आमों की गुणवत्ता, ग्रेडिंग और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके। इससे विशेष रूप से महिला किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लाभुक किसानों और मनोन्नति महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की महिलाओं ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत, परियोजना पदाधिकारी अनुजा राणा सहित कई अधिकारी एवं प्रगतिशील महिला किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *