जुगसलाई में अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, देशी पिस्टल व कारतूस बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जुगसलाई क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार सप्लाई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई स्थित रेलवे पुल के नीचे से गिरोह के सक्रिय सदस्य जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25 वर्ष) और हथियार खरीदने वाले मो. रेहान हुसैन (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इस संबंध में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने पुलिस को बताया कि अवैध हथियार सप्लायर एक देशी पिस्टल की कीमत 40 हजार से 60 हजार रुपये तक वसूलते हैं। वह स्वयं हथियार सप्लायर और अपराधी प्रवृत्ति के खरीदारों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था।
पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित हथियार सप्लाई और खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायरों की पहचान के लिए जांच जारी है।
बरामद सामान:
एक लोहे का देशी पिस्टल
एक 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस
दो मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *