
धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद दो नंबर में हुए फायरिंग और मारपीट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना 27 मई की बताई जा रही है, जिसमें दो लोगों को गोली लगी थी। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास बजरंगी और अमित यादव के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई और बाद में मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों आनंद यादव, विवेक ठाकुर और करण दास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त की है।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने प्रेसवार्ता में बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।