गिरिडीह सदर अस्पताल के शौचालय में 14 वर्षीय छात्रा ने दिया नवजात को जन्म, मचा हड़कंप

Spread the love

गिरिडीह सदर अस्पताल में शुक्रवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने अस्पताल के शौचालय में नवजात को जन्म दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग शुक्रवार को स्कूल से वह घर लौटी थी। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसने अपने परिजनों से कमर दर्द की शिकायत की। परिजनों ने सामान्य परेशानी समझते हुए उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान छात्रा अस्पताल के शौचालय गई, जहां उसने एक नवजात को जन्म दे दिया। प्रसव के बाद वह रक्तस्राव की हालत में बाहर निकल रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की नजर उस पर पड़ी। संदेह होने पर जब पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने शौचालय से नवजात को बरामद किया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और मां-बच्चे को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल भेजा गया। वहां नवजात को एसएनसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि नाबालिग प्रसूता का भी डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *