
जमशेदपुर, 20 मई 2026 : देशभर में अवैध और अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स संगठनों द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल आयोजित की गई। ऑल इंडिया ऑर्गेनाईजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बंद का जमशेदपुर में भी व्यापक असर देखने को मिला। शहर के सभी दवा दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया।
जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में शहर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने ऑनलाइन दवा बिक्री की कथित अवैध गतिविधियों, जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे खतरे तथा छोटे व्यवसायियों के अस्तित्व पर मंडरा रहे संकट के खिलाफ आवाज बुलंद की। हड़ताल के दौरान दवा दुकानदारों ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर सख्त नियम लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित एक ज्ञापन स्थानीय प्रशासन के माध्यम से जिला उपायुक्त को सौंपा गया। ज्ञापन में ऑनलाइन दवा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कई मांगें रखी गईं।
केमिस्ट संगठनों के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा ने कहा कि बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री और होम डिलीवरी जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा भारी छूट देकर दवाओं की बिक्री किए जाने से छोटे एवं लाइसेंसधारी दवा विक्रेताओं का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर के लाखों छोटे केमिस्ट्स अपनी आजीविका को लेकर चिंतित हैं। यदि सरकार द्वारा जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में दवा दुकानों के बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा, हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी कुछ दुकानों को खुला रखा गया था।