अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक बरामद

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले की गालूडीह थाना पुलिस को अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी बिरसन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव से की गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिन्हें झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों से चुराया गया था।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी दिसंबर 2025 में गालूडीह थाना क्षेत्र से चोरी हुई विंगर वैन मामले में मुख्य भूमिका निभा रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन बिरसन मुंडा लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर से चोरी की तीन गाड़ियां बरामद कीं। इनमें ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाची बाइक, गालूडीह से चुराई गई हीरो स्प्लेंडर और ओडिशा के बहलदा इलाके से चोरी हुई होंडा डियो स्कूटी शामिल है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक नंबर प्लेट भी जब्त किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बिरसन मुंडा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ झारखंड के कई थानों में वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। वहीं ओडिशा पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और उससे पूछताछ में कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *