चाईबासा: मनोहरपुर के उंधन गांव में बारातियों से भरा पिकअप पलटा, दो की मौत, 6 घायल

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उंधन गांव में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा पलटा, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान बारंगा निवासी रोहन गोप (12 वर्ष) और गोपीपुर निवासी दशरथ सरदार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में गोपीपुर निवासी सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26) और राहुल गोप (20), बारंगा निवासी गोपी मोदी (18) और सौरभ लोहार (16) तथा मेदासाई निवासी सुरेश गोप (48) शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (जेएच-06सी/7345) बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था। सोमवार सुबह करीब 3:15 बजे लौटने के दौरान उंधन गांव के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे गाड़ी सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम भी लदा हुआ था।
हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *