डोबो पुलिया से युवती ने लगाई नदी में छलांग, पुलिस ने बचाई जान

Spread the love

चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुलिया पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 25 वर्षीय एक युवती ने अचानक पुलिया से नदी में छलांग लगा दी. घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना कपाली पुलिस को दी गई.सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस तेजी से मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उतरकर राहत अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया. पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और युवती की जान बच गई. घटना के बाद युवती को सुरक्षित अवस्था में कपाली ओपी लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती कुछ देर तक पुलिया पर अकेली खड़ी थी और अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी. हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ पाया है. पुलिस के अनुसार युवती फिलहाल मानसिक रूप से काफी परेशान दिखाई दे रही है और ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं है. पुलिस उसका नाम, पता और परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. साथ ही आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है.घटना के बाद डोबो पुलिया के आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था. इस घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को सामने ला दिया है. विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी व्यक्ति के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखे तो परिवार और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके. फिलहाल कपाली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवती के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *