
जमशेदपुर। WWSO Enterprises Ltd. के माध्यम से State Bank of India (SBI) के ATM व बैंक शाखाओं में तैनात करीब 140 सुरक्षा गार्डों ने कंपनी पर बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। गार्डों का कहना है कि वे पिछले लगभग 4 वर्ष 6 महीने से लगातार सेवाएं दे रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें टर्मिनेशन लेटर देकर हटा दिया गया।
प्रभावित गार्डों के अनुसार, कंपनी पर लगभग 15 महीने का PF, एक वर्ष का बोनस, अप्रैल माह का वेतन, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान, न्यूनतम वेतन का अंतर तथा ओवरटाइम (O.T.) का बकाया अब तक नहीं दिया गया है। इसके अलावा आरोप है कि 30 दिन ड्यूटी कराने के बावजूद केवल 26 दिन का ही भुगतान किया जा रहा है।
गार्डों ने यह भी मांग की है कि उनके 4 साल 6 महीने की सेवा अवधि के अनुसार ग्रेच्युटी (Gratuity) का भुगतान किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से हस्तक्षेप कर सभी बकाया राशि दिलाने की अपील की है।
गार्डों ने यह भी मांग रखी है कि यदि नई एजेंसी नियुक्त की जाती है, तो सभी 140 गार्डों को उसमें पुनः बहाल किया जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।
गार्डों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
