समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित, उप विकास आयुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं

Spread the love

जमशेदपुर: उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता, निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटे के तहत नामांकन, गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक, सामाजिक बहिष्कार से जुड़ी शिकायतें, सार्वजनिक कुओं और चापाकलों के जल प्रदूषण, पेंशन स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस जारी करने, घरेलू विवाद, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने तथा अवैध कब्जे से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उप विकास आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर आवेदन की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *