
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लॉबी गेट के पास अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे कर्मचारी को गोली मार दी। बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक फायरिंग की, जिसमें कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक आदित्यपुर का निवासी था और रेलवे से जुड़े कार्यों के साथ-साथ जमीन कारोबार में भी सक्रिय था। बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग में समतलीकरण का काम भी उसके जिम्मे था।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के पीछे आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।
