
जमशेदपुर में पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया। उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टावर मैदान इलाके में घेराबंदी की और देर रात करीब 3 बजे आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि 18 अप्रैल को आरोपी का अपने दोस्तों के साथ विवाद हुआ था। नशे की हालत में शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई थी। इसी विवाद का बदला लेने के इरादे से वह हथियार लेकर निकला था और हमला करने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता और उनकी सप्लाई चेन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस लगातार अभियान चलाकर अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, लेकिन बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
