
गम्हरिया: थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा स्टील गम्हरिया डिविजन के गेट नंबर-1 के समीप बीती रात एक फुटपाथी दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई. बताया जाता है कि उक्त दुकान में सेफ्टी किट की बिक्री की जाती थी. आग लगने के बाद देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
पीड़ित दुकानदार के अनुसार यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी दुकान में कई बार आग लग चुकी है और मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे वह पहले से ही परेशान था.
घटना के बाद दुकानदार पूरी तरह से टूट गया है और उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को जानकारी दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई जा सकती हैं.
