जमशेदपुर: डोबो पुल से युवक लापता, स्कूटी और मोबाइल मिलने से बढ़ी चिंता

Spread the love

जमशेदपुर के डोबो पुल पर मंगलवार देर रात एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके से युवक की स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी बरामद होने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, परसूडीह के गोलपहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश कुमार मंगलवार रात करीब 11 बजे से लापता हैं। सूचना मिलने पर जब परिजन डोबो पुल पहुंचे, तो वहां अविनाश की प्लेजर स्कूटी, मोबाइल और चाबी लावारिस हालत में मिली, जबकि युवक का कोई पता नहीं चल सका।
घटना के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि अविनाश ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी है। इसके बाद रातभर परिजन और स्थानीय लोग टॉर्च की मदद से नदी में तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, अविनाश पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। वह गोविंदपुर में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे वह घर से निकला था। निकलने से पहले उसने अपनी मां को 5 हजार रुपये दिए और जल्द ही घर वापस आने की बात कही थी।
अविनाश का एक छोटा बेटा भी है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आई, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोग लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *