जमशेदपुर: ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में शोक

जमशेदपुर में एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव में हुई, जहां 65 वर्षीय सीदयू सोय की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि सीदयू सोय सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते वक्त अचानक एक ट्रेन की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, संभवतः मालगाड़ी की टक्कर से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पुत्र कमल सोय ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह शौच के लिए निकले थे, लेकिन इस बार वे वापस नहीं लौट सके।
नंदूप गांव रेलवे ट्रैक के बिल्कुल किनारे बसा हुआ है, जिससे यहां इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लोग मजबूरी में ट्रैक के पास शौच के लिए जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि गांव के पास ट्रेनों की रफ्तार कम की जाए और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *