जमशेदपुर में महिला से चैन स्नैचिंग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Spread the love

जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आस्था सिटी के पास बीती रात एक महिला से सोने की चैन छीन लेने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आज पीड़ित महिला, जदयू नेत्री रीना सिंह के साथ बिरसानगर थाना पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि रात के समय अज्ञात अपराधियों ने महिला को निशाना बनाते हुए उनकी सोने की चैन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता और उनके परिजनों ने आस्था सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि इलाके में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, जिससे अपराधियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। साथ ही, सड़कों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों की जांच नहीं होती, जिससे असामाजिक तत्वों का प्रवेश आसान हो जाता है।
वहीं, जदयू नेत्री रीना सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके में नियमित पेट्रोलिंग नहीं हो रही है, जिसका सीधा फायदा अपराधियों को मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल बिरसानगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *