जमशेदपुर: सोनारी में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, महिला समेत चार गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोमुहानी पुल के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही सीसीआर डीएसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए एक महिला और तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 43 पुड़िया ब्राउन शुगर और करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सभी आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय थे। हाल ही में इनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें ये नशीले पदार्थ की बिक्री करते नजर आ रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में भारती केवट (40 वर्ष), विशाल केवट (20 वर्ष), रिशु साहू (29 वर्ष) और कुमार बहादुर (32 वर्ष) शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस संबंध में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि शहर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *