
जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के दौरान पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए टीनएजर्स के पास से खतरनाक हथियार बरामद किए। जुलूस के दौरान कई किशोरों के हाथ में तेज धार वाले चापड़ (चाइनीज कटर) देखे गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया। इसके अलावा मौके से दो एयर पिस्टल और एक डमी गन भी बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रामनवमी जुलूस में परंपरागत रूप से लोग तलवार, भाला जैसे अस्त्र-शस्त्र लेकर चलते हैं, इसलिए इस मामले में कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं किया गया। हालांकि, चापड़ जैसे अत्यधिक धारदार और खतरनाक हथियार भीड़भाड़ में गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं। थोड़ी सी लापरवाही या गलत इस्तेमाल से किसी को गहरा जख्म लगने की आशंका बनी रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 149 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 37 चापड़, दो एयर पिस्टल और एक डमी गन जब्त कर सुरक्षित रख लिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम पूरी तरह से एहतियातन उठाया गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में चापड़ से हमले की घटनाएं बढ़ी हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं और कुछ मामलों में चोटें गंभीर भी रही हैं। इसी बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस ने रामनवमी के अवसर पर विशेष सतर्कता बरतते हुए यह कार्रवाई की, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
