
जमशेदपुर में बड़ी चोरी की वारदात, शटर काटकर नकदी व कीमती ड्राईफ्रूट पर हाथ साफ
जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित “अपना मार्ट” में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में हड़कंप मचा दिया। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी के साथ-साथ महंगे ड्राईफ्रूट और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह दुकान मालिक रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और शटर कटा हुआ है। अंदर जाने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी समेत कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। यह देख उनके होश उड़ गए।
दुकान मालिक ने तत्काल इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यवसायियों में भय का माहौल बन गया है। उन्होंने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
