
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के पास मंगलवार रात दोस्ती के विवाद में प्लस टू की परीक्षा दे चुके 18 वर्षीय छात्र आदर्श सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उसकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल आदर्श सिंह टेल्को कॉलोनी रोड नंबर-18 का निवासी है। उसने बताया कि हुडको निवासी महरूफ ने उसे फोन कर बातचीत के लिए रात करीब साढ़े आठ बजे बुलाया था। वहां पहुंचने पर महरूफ अपने साथियों के साथ पहले मारपीट करने लगा और फिर चापड़ से हमला कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महरूफ समेत चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घायल के बयान के आधार पर टेल्को थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
दोस्ती के विवाद से बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, आदर्श की टेल्को कॉलोनी की एक युवती से पहले दोस्ती थी, जो दो साल पहले टूट गई थी। इसके बाद युवती की दोस्ती गोलमुरी के एक अन्य युवक से हो गई। आदर्श द्वारा इस संबंध की जानकारी युवती के परिवार को देने के बाद विवाद गहराता गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवती ने आदर्श को जान से मरवाने की धमकी भी दी थी।
लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं
टेल्को क्षेत्र में हाल के दिनों में चापड़ से हमले की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। बीते कुछ दिनों में यह तीसरी ऐसी घटना सामने आई है। 22 मार्च को घड़ी पार्क के पास आयुष यादव पर वर्चस्व की लड़ाई में हमला हुआ था, जबकि उसी रात एक अन्य मामले में दीपक चौरसिया और अभय गुप्ता पर भी हमला किया गया था। इन मामलों में अब तक पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं के बीच आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई इन घटनाओं की मुख्य वजह बन रही है। फिलहाल इस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
