सदर अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप*

Spread the love

गिरिडीह. शहरी क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल के परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस सेवा की एक सरकारी एम्बुलेंस में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और लोगों में दहशत फैल गई. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस से धीरे-धीरे धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस में आग जलते देखी और तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी. सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत नगर थाना की पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी गई. सूचना के बाद नगर थाना की पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग की वजह से एम्बुलेंस को काफी नुकसान पहुंचा है. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि एम्बुलेंस में लगी बैटरी में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी के कारण आग लगी होगी. फिलहाल अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद कुछ देर तक अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही और स्थिति सामान्य होने के बाद राहत की सांस ली गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *