जुगसलाई में ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका, सेंट जॉन स्कूल के पास लगी आग से मची अफरा-तफरी

Spread the love

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई जब सेंट जॉन स्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाके के बाद ट्रांसफार्मर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग और दमकल विभाग को दी. हालांकि समय पर दमकल नहीं पहुंचने के कारण आसपास के लोगों ने ही हिम्मत दिखाते हुए पाइप और बाल्टी की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया और उसे फैलने से रोक दिया. लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के घरों और सेंट जॉन स्कूल को भारी नुकसान हो सकता था. घटना की सूचना बिजली विभाग को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और आक्रोश दोनों का माहौल देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *